
अयोध्या (उत्तर प्रदेश): अयोध्या जिले के बीकापुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीएसएफ की तैयारी कर रहे एक युवक दिनेश कुमार वर्मा की हत्या कर दी गई। इसके बाद उसका शव कई टुकड़ों में विभाजित कर घर से कुछ ही दूरी पर फेंक दिया गया।
यह घटना बीती रात उस समय हुई जब दिनेश घर के बाहर सो रहा था। सुबह जब परिजनों को जानकारी मिली तो पूरे घर में कोहराम मच गया। वहीं गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
▶ बीएसएफ में भर्ती की कर रहा था तैयारी
दिनेश कुमार वर्मा ने कथा भारती इंटर कॉलेज से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। इसके बाद खजुरहट और फिर महाराणा डिग्री कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह बीएसएफ में भर्ती की तैयारी कर रहा था। दिनेश अपने माता-पिता, दो भाइयों और दो बहनों के साथ रहता था। पिता राजकुमार वर्मा बीकापुर बाजार में पान मसाले की दुकान चलाते हैं।
▶ परिवार के ही सदस्य पर संदेह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस रात करीब ढाई बजे मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम के साथ मौके की गहन जांच की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर परिवार के ही एक सदस्य पर हत्या का संदेह जताया गया है। साथ ही दो अन्य अज्ञात लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई है।
▶ जमीनी विवाद की आशंका
सीओ पीयूष कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। पुलिस ने इस बिंदु को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की बात भी कही गई है।