Kanpur News : ऑपरेशन महाकाल का बड़ा वार, वसूली के आरोप में चर्चित वकील अखिलेश दुबे गिरफ्तार, BJP नेता को झूठे केस में फंसाने का आरोप

कानपुर : पुलिस ने ऑपरेशन महाकाल के तहत बुधवार को बड़ा एक्शन लिया। चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर BJP नेता रवि सतीजा को एक झूठे मुकदमे में फंसाया और समझौते के बदले ₹50 लाख की मांग की।
पुलिस ने दुबे के तीन साथियों — जिनमें कास्मोजिन के पार्टनर लवी मिश्रा भी शामिल हैं — को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, अखिलेश दुबे के खिलाफ भूमि कब्जा और अन्य संगीन मामलों में भी गोपनीय जांच चल रही है।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि रवि सतीजा के खिलाफ महिला द्वारा दर्ज कराए गए छेड़छाड़ और दुष्कर्म प्रयास के केस की जांच में सच्चाई नहीं मिली। इस फर्जी केस को आधार बनाकर आरोपी पक्ष ने मोटी रकम ऐंठने की साजिश रची थी।
क्या है ऑपरेशन महाकाल?
कानपुर पुलिस द्वारा शुरू किया गया यह विशेष अभियान भूमाफियाओं, वसूलीबाज पत्रकारों और दागी वकीलों के खिलाफ है।
- आम जनता की शिकायतों के आधार पर सटीक कार्रवाई की जाएगी।
- सरकारी कर्मचारी भी अगर संलिप्त पाए गए, तो कार्रवाई से नहीं बचेंगे।
- अभियान का मकसद है समाज में डर फैलाकर लोगों की जमीन हड़पने और झूठे केसों के ज़रिए वसूली करने वालों पर कड़ा शिकंजा कसना।