
कीव/मॉस्को: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेनी वायुसेना ने एक अहम दावा किया है, जिसने अंतरराष्ट्रीय सामरिक हलकों में हलचल मचा दी है। यूक्रेन की सेना ने कहा है कि शनिवार सुबह 7 जून 2025 को रूस के कुस्र्क क्षेत्र में एक अत्याधुनिक सुखोई एसयू-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया गया।
यह जानकारी यूक्रेनी वायुसेना ने टेलीग्राम मैसेंजर के जरिए साझा की। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन रूसी प्रशासन की ओर से आई चुप्पी को एक प्रकार की स्वीकृति के रूप में देखा जा रहा है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस विमान के अंतरराष्ट्रीय निर्यात को लेकर बड़े लक्ष्य साध रहे थे।
क्यों अहम है एसयू-35 का गिराया जाना?
सुखोई एसयू-35 रूस का नई पीढ़ी का मल्टीरोल लड़ाकू विमान है, जो एसयू-27 का उन्नत संस्करण है। इसमें उन्नत एवियोनिक्स, थ्रस्ट-वेक्टरिंग टेक्नोलॉजी और शक्तिशाली एएल-41एफ1एस इंजन लगे हैं, जिससे यह मैक 2.25 की स्पीड तक उड़ सकता है।

इस विमान में लगे इरबिस-ई रडार की मारक क्षमता 400 किलोमीटर तक मानी जाती है, और यह हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों, गाइडेड बमों और एंटी-शिप हथियारों से लैस होता है। यही वजह है कि इसका गिराया जाना पुतिन की सैन्य रणनीति के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
रूस की तरफ से पलटवार
इसी बीच, रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि उनके सेंटर ग्रुप ऑफ फोर्सेज ने यूक्रेनी रक्षा पंक्तियों में गहराई तक प्रगति की है। मंत्रालय के प्रवक्ता अलेक्जेंडर सावचुक के अनुसार, “हमारे अभियानों के चलते यूक्रेनी पक्ष को 455 से अधिक सैनिकों की क्षति हुई है।”
यह बयान दर्शाता है कि रूस भी अपनी सैन्य कार्रवाई तेज कर चुका है, और युद्ध में सामरिक गतिविधियां नई ऊंचाई पर पहुंच चुकी हैं।