कानपुर: घाटमपुर के खेत में 15 वर्षीय किशोर की हुई संदिग्ध मौत, पुलिस ने शुरू की जांच, बस रिपोर्ट का इंतजार

रिपोर्ट – नौशाद अली
कानपुर: घाटमपुर थाना क्षेत्र के कठेठा गांव में शनिवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्लास 9वी का था छात्र
घटना के अनुसार, मृतक किशोर प्रतीक सिंह उर्फ कृष्णा, कक्षा 9 का छात्र था। उसके पिता संतोष सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे प्रतीक ने घर से खेत जाने के लिए साइकिल ली। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो पिता ने उसकी खोजबीन शुरू की।

साइकिल देखते ही उदास हो गए थे मृतक के पिता
खोजबीन के दौरान पिता संतोष सिंह गांव से लगभग पांच सौ मीटर दूर खेतों में पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि प्रतीक की साइकिल खड़ी थी, लेकिन वह स्वयं गायब था। आसपास खोजबीन करने पर उन्होंने माइनर के पास प्रतीक का शव पाया। शव पानी में आधा डूबा हुआ और चेहरा बाहर था। प्रथम दृष्टया देखा गया कि गले पर दाढ़ी से चोट के निशान थे।
मौके वारदात पर मिली थी रबर
घटनास्थल पर घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई। साथ ही, फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए गए। टीम को घटनास्थल के पास एक रबर मिली, जिसे पुलिस ने अपने रिकॉर्ड में शामिल किया।
एसीपी ने भी मौके का लिया जायजा
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि मामला गहनता से जांचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रोती बिलखती रही माँ
किशोर की मां सारिका ने बताया कि वह भाई दूज के मौके पर सरसौल थाना क्षेत्र के धरमंगदपुर गई हुई थी। सूचना मिलते ही वह घर लौट आईं। घर में मृत किशोर की बहन राधा, सोना और अन्य परिजन गहरे शोक में हैं। पड़ोसी मां को धैर्य बांधते दिखाई दिए।
डीसीपी ने लिया संज्ञान
कानपुर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने भी घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने परिजनों से मिलकर उन्हें दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव को निर्देश दिए कि पुलिस की टीमें घटनास्थल पर और गांव में गहन जांच कर मामले का अनावरण करें।

आपको बताते चलें कि इस वारदात में फोरेंसिक साक्ष्य और प्रारंभिक गवाह महत्वपूर्ण साबित होते हैं। पुलिस की जांच में घटनास्थल पर मिली वस्तुएं और आसपास के लोगों के बयानों की अहम भूमिका होती है।
जल्द होगा खुलासा – बस रिपोर्ट का है इन्तजार
स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना गांव में पहले कभी नहीं हुई थी। वहीं, परिजन और पड़ोसी प्रशासन से जल्द निष्कर्ष निकालने की उम्मीद कर रहे हैं। जिसको लेकर पुलिस मामले की जांच में कई पहलुओं पर ध्यान दे रही है। इसमें शव की स्थिति, मौके पर मिली वस्तुएं और आसपास के लोगों की जानकारी शामिल है। एसीपी यादव ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि दोषी को जल्द पकड़ा जा सके और न्याय सुनिश्चित हो।



