अहमदाबाद विमान हादसे पर कानपुर में श्रद्धांजलि, व्यापार मंडल ने की मुआवजे और जांच की मांग

रिपोर्ट – विवेक कृष्ण दीक्षित
कानपुर: अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हृदयविदारक दुर्घटना में सभी यात्रियों की दुखद मृत्यु हो गई, जिनमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इस हादसे को लेकर अब लोगों में गहरा दुःख और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।

कानपुर में व्यापारियों ने दी श्रद्धांजलि
इसी क्रम में कानपुर के 80 फीट रोड व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भावुक माहौल बना रहा। सभी ने मौन रखकर दिवंगत आत्माओं के प्रति सम्मान प्रकट किया।

व्यापार मंडल ने की मुआवजे की मांग
व्यापार मंडल के पदाधिकारी आलोक श्रीवास्तव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह हादसा केवल एक तकनीकी विफलता नहीं, बल्कि कई परिवारों की पूरी दुनिया उजाड़ देने वाला है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि इस हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।

डॉ. कोणी व्यास के परिवार की त्रासदी
आलोक श्रीवास्तव ने विशेष रूप से डॉ. कोणी व्यास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दुर्घटना उनके लिए और भी अधिक दर्दनाक बन गई, क्योंकि इस हादसे में उनका पूरा परिवार खत्म हो गया। डॉ. व्यास गुजरात से लंदन स्थानांतरित होने की तैयारी में थीं। ऐसे में उनका यह व्यक्तिगत नुकसान असहनीय है।

निष्पक्ष जांच की मांग
व्यापार मंडल की ओर से यह भी मांग की गई कि इस हादसे की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं। लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि जिम्मेदारी तय हो और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की जाए।