प्रयागराज से गिरफ्तार हुआ दीनू उपाध्याय का भतीजा, जमीन कब्जा और रंगदारी के मामले में चकेरी पुलिस की कार्रवाई

रिपोर्ट- नीरज तिवारी
कानपुर: चकेरी पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मनु उपाध्याय को प्रयागराज से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वह चर्चित आरोपी धीरेंद्र उर्फ दीनू उपाध्याय का भतीजा है और उसके खिलाफ जमीन कब्जाने, धमकी देने, तथा 50 लाख की रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोपों में एफआईआर दर्ज थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनु उपाध्याय की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। इसी बीच प्रयागराज के पुरा मुफ्ती क्षेत्र में उसकी मौजूदगी का सुराग मिला। तत्पश्चात, संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
तीन नवंबर 2022 को लालबंगला निवासी मनोज कुमार गुप्ता ने चकेरी थाने में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की, उन्हें धमकाया गया, मारपीट की गई और उनके बेटे से ₹25,000 नकद भी छीन लिए गए।

इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता से ₹50 लाख की रंगदारी भी मांगी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अनूप शुक्ला, नीरज दुबे, मनु उपाध्याय, अमन शुक्ला, राम भरोसे दबे, दीपक जादौन समेत 20 से 25 लोगों को आरोपी बनाया।

कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय के अनुसार, मनु उपाध्याय पर कानपुर के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, हाल ही में लखनऊ के गोमतीनगर थाने में भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस पहले से ही दीनू उपाध्याय और उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में जुटी थी।