आपातकाल की 50वीं बरसी पर भाजपा ने मनाया संविधान हत्या दिवस, सांसद रमेश अवस्थी ने कांग्रेस पर बोला हमला

रिपोर्ट – विवेक कृष्ण दीक्षित
कानपुर: भारत में लगाए गए आपातकाल की 50वीं बरसी पर केंद्र सरकार ने 25 जून 2025 को इसे “संविधान हत्या दिवस” के रूप में मनाया। इस अवसर पर देशभर में भारतीय जनता पार्टी ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए, वहीं कानपुर में सांसद रमेश अवस्थी ने एक प्रेस वार्ता कर कांग्रेस की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।

उन्होंने कहा कि “1975 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने न केवल लोकतंत्र का गला घोंटा, बल्कि भारत के संविधान की मूल भावना को भी कुचलने का काम किया।” इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर कूटनीति और कार्यशैली के माध्यम से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

आपातकाल पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन
प्रेस वार्ता से पहले सांसद रमेश अवस्थी ने उस दौर से जुड़ी एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें आपातकाल की तस्वीरें, किताबें, चलचित्र और समाचार पत्रों व पत्रिकाओं को प्रदर्शित किया गया। यह प्रदर्शनी युवाओं को उस काले अध्याय से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।

राजनीतिक संदेश के साथ जनजागरण का प्रयास
इस मौके पर सांसद ने यह भी कहा कि “आज की पीढ़ी को उस दौर के सच्चे इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि वे लोकतंत्र की कीमत को समझ सकें।” उन्होंने संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।