एयर इंडिया हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

अहमदाबाद।
देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से एक दुःखद समाचार सामने आया है। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन आज उस विमान दुर्घटना में हो गया, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के मेघानी नगर क्षेत्र में क्रैश होने से हुआ। यह हादसा दोपहर करीब 1:20 बजे हुआ और पूरे देश को स्तब्ध कर गया।
विजय रूपाणी भी उसी फ्लाइट में थे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय रूपाणी अहमदाबाद से लंदन रवाना हो रहे थे। दुर्भाग्यवश, जिस विमान में वे सवार थे, वह टेक-ऑफ के कुछ देर बाद मेंटल हॉस्पिटल कैंपस के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में कुल 242 यात्री सवार थे। दुर्घटना की पुष्टि के साथ ही विजय रूपाणी के निधन की सूचना ने सभी को भावुक कर दिया है।

पीएम मोदी और अन्य नेताओं ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय रूपाणी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों, राज्यपालों और राजनेताओं ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि,“विजय रूपाणी एक समर्पित जनसेवक थे। उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।”
राजनीति और समाज में शोक की लहर
विजय रूपाणी का जाना गुजरात ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और अपने सहज, सरल स्वभाव व विकासशील नीतियों के लिए प्रसिद्ध थे।

हादसे की जांच और राहत कार्य जारी
फिलहाल, DGCA ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और शेष यात्रियों के परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। घटना स्थल को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया है।