Muzaffarnagar: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर दिख रही जागरूकता, बच्चों को दी गई एल्बेंडाजोल दवाई

मुजफ्फरनगर: स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शानदार आयोजन हिमालयन पब्लिक स्कूल, रुड़की रोड पर किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने विद्यालय के बच्चों को पेट के कर्मियों से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल गोली खिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
बच्चों का स्वास्थ्य समाज की सबसे बड़ी पूंजी
इस अवसर पर संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि पेट के कीड़े बच्चों के शारीरिक विकास, पोषण और शैक्षणिक प्रगति को प्रभावित करते हैं। इसलिए इस तरह के स्वास्थ्य अभियानों में जनसहभागिता बेहद आवश्यक है। उन्होंने इस अभियान में सभी अभिभावकों और समाज के लोगों से सहयोग की अपील की ताकि बच्चों को स्वस्थ और पोषित रखा जा सके।
जानिए एल्बेंडाजोल दवा की महत्वपूर्ण जानकारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने इस अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान का कुल लक्ष्य 15,68,390 बच्चों का था, जिसमें से पहले चरण में 13,71,322 बच्चों को दवाई दी जा चुकी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो बच्चे किसी कारणवश आज दवाई नहीं ले पाए, उन्हें 13 फरवरी को दवाई दी जाएगी।
डॉ. तेवतिया ने अभिभावकों से यह अपील भी की कि वे इस अभियान में सहयोग करें और बच्चों को दवाई लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एल्बेंडाजोल दवा पूरी तरह से सुरक्षित है और इसे चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना गया है।
कृमि संक्रमण के खतरे और इसके प्रभाव के प्रति किया गया जागरूक
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों में एनीमिया, कुपोषण और कमजोरी का प्रमुख कारण है। इसलिए इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। डॉ. कुमार ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस अभियान के महत्व को स्पष्ट किया और स्वास्थ्य विभाग की टीम को इसके सफल आयोजन के लिए सराहा।
विद्यालय प्रशासन का किया गया आभार
कार्यक्रम के अंत में हिमालयन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक श्री विजेंद्र सिंह और श्री राम कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण अभियान के सफल आयोजन के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी भी उपस्थित थे, जिनमें प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भानु प्रताप, रामकुमार रागी, अक्षय शर्मा स्टेनो, योगेश त्यागी (स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी), अनुराधा बीपीएम, अनीता और अन्य कर्मचारी शामिल थे।
यह है अभियान का उद्देश्य
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पेट के कृमि संक्रमण को नियंत्रित करना है। इस अभियान के तहत बच्चों को कृमिनाशक दवाई एल्बेंडाजोल खिलाई जाती है, जो बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को सुनिश्चित करना है ताकि वे किसी भी प्रकार के कुपोषण या कमजोरी से प्रभावित न हों।



