उत्तर प्रदेश: टिहरी में भारी बारिश, NH-707A का एक बड़ा हिस्सा बहा, रास्ता बदल गया

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। टिहरी गढ़वाल जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कैंपटी-यमुनापुल मार्ग पर स्थित नेशनल हाईवे-707A (NH-707A) डिमटा बैंड के पास भारी बारिश के चलते पूरी तरह बह गया है। सड़क का बड़ा हिस्सा वाशआउट होने के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।
टिहरी गढ़वाल के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) ब्रिजेश भट्ट के अनुसार, डिमटा बैंड और जीवन आश्रम के बीच हाईवे को भारी नुकसान पहुंचा है। यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से ट्रैफिक को मसूरी बैंड होकर विकासनगर की तरफ डायवर्ट कर दिया है।
उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश के चलते ऋषिकेश-कीर्तिनगर एनएच-07 समेत दर्जनों ग्रामीण सड़कें मलबा आने से ठप हो गई हैं। तमसा, टोंस और असन जैसी नदियां उफान पर हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। बिगड़ते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


