राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन को जिला जज ने दिखाई हरी झंडी
राष्ट्रीय लोक अदालत प्रचार वाहन रवाना जिला जज ने दिखाई हरी झंडी
शाहजहांपुर: आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर शाहजहांपुर में जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को जिला जज धर्मेंद्र कुमार पांडे ने कचहरी परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सरनाम सिंह यादव, महासचिव राजेश अवस्थी, अधिवक्तागण और स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

जनपद में लोगों को किया जाएगा जागरूक
कचहरी परिसर से रवाना किया गया प्रचार वाहन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देगा। अभियान के जरिए लोगों को लोक अदालत में अपने लंबित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।
कई मामलों का होगा निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत में सिविल वाद, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना से संबंधित मामले और बैंक संबंधी विवाद समेत विभिन्न मामलों का निस्तारण किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान करा सकेंगे।
जिला जज ने की लोगों से अपील
जिला जज धर्मेंद्र कुमार पांडे ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का निस्तारण कराएं और उपलब्ध इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को लोक अदालत की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने विवादों को सुलह-समझौते के जरिए समाप्त करा सकें।


