डिप्टी सीएम केशव मौर्य का सपा प्रमुख पर तंज, बोले– अखिलेश यादव 2047 तक सत्ता से रहेंगे दूर

रिपोर्ट – शिवा शर्मा
कानपुर: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी को ‘समाप्तवादी’ पार्टी में तब्दील कर दिया है, इसलिए अब उन्हें 2047 तक सत्ता से दूर ही रहना होगा।

यह बयान उन्होंने कानपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान दिया, जब वे मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
कानपुर में मॉक पार्लियामेंट में हुए शामिल
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कानपुर में आयोजित मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम में हिस्सा लिया और वहां पर लगी विकास प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डॉ. रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय और कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उप मुख्यमंत्री ने कई राजनीतिक सवालों के जवाब दिए और विपक्ष पर हमला बोला।
अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए बोले मौर्य
जब मीडिया ने कथावाचक विवाद और जातीय राजनीति पर सवाल पूछा तो डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव इस पूरे मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख ने विवाद को बढ़ाने वाले व्यक्ति को अपने कार्यालय में बुलाकर सम्मानित किया, जो कि एक गैरजिम्मेदार और जातिवादी राजनीति का परिचायक है।

उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की राजनीति करके अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी को नकारात्मक दिशा में ले जा रहे हैं, जो उन्हें आगे चलकर राजनीतिक नुकसान ही पहुंचाएगी।
“अब 2047 तक सत्ता का सपना छोड़ दें” – केशव मौर्य
अपने बयान में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव अब समाजवाद नहीं, विवाद और जातिवाद की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी को समाप्त वादी पार्टी बना दिया है। अब उन्हें 2047 तक सत्ता से दूर ही रहना होगा।