
Kanpur News : कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर जोरदार हंगामा किया। आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने एक महिला के प्लॉट पर दबंग व्यक्ति के साथ मिलकर जबरन कब्जा करा दिया, जिससे नाराज भाजपा कार्यकर्ता थाने में धरने पर बैठ गए।
भाजपा नेताओं और दरोगा के बीच बहस
भाजपा नेताओं और दरोगा के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते और इंस्पेक्टर कक्ष के बाहर धरने पर बैठे नजर आ रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर मिलीभगत और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि प्रशासन दबंगों को संरक्षण दे रहा है और पीड़ित महिला को इंसाफ नहीं मिल रहा। हंगामे के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। थाने में करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाकर धरना समाप्त कराया।
मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू
इस मामले में पुलिस ने अब संबंधित आरोपों को लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।