
नई दिल्ली: मिडिल-ईस्ट (Middle-East) में पिछले डेढ़ महीने से जारी तनाव के बीच पूरी दुनिया के लिए राहत भरी खबर आई है। ईरान ने वैश्विक व्यापार की जीवनरेखा माने जाने वाले ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) को दोबारा खोलने का ऐतिहासिक ऐलान कर दिया है। 28 फरवरी से ईरान-इजरायल युद्ध के कारण बंद इस रास्ते के खुलते ही ग्लोबल मार्केट में रातों-रात बाजी पलट गई है।
भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए यह खबर किसी बड़ी दिवाली से कम नहीं है। आइए जानते हैं भारत के लिए वो 3 कौन सी बड़ी खुशखबरी हैं, जो इस फैसले के साथ आई हैं:
1. कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में भारी गिरावट
भारत अपनी तेल जरूरतों का लगभग 85% आयात करता है, जिसका बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से आता है। होर्मुज खुलने की खबर आते ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल 12% टूटकर 83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।
- फायदा: कच्चा तेल सस्ता होने से भारत का इंपोर्ट बिल कम होगा और आने वाले दिनों में देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की उम्मीद बढ़ गई है।
2. सोमवार को शेयर बाजार बनेगा ‘रॉकेट’
सप्लाई चेन की बाधाएं दूर होने से निवेशकों का उत्साह चरम पर है। शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद यह खबर आई, लेकिन गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) में इसका असर दिख चुका है। गिफ्ट निफ्टी 400 अंकों की छलांग लगा चुका है।
- फायदा: सोमवार को बाजार खुलते ही IOC, BPCL, HPCL जैसी ऑयल कंपनियों के साथ-साथ पेंट और टायर इंडस्ट्री के शेयरों में बंपर उछाल देखने को मिल सकता है।
3. सोने-चांदी की कीमतों में ‘यू-टर्न’ तेजी
आमतौर पर तनाव घटने से कीमतें गिरती हैं, लेकिन युद्ध का खतरा टलने से निवेशकों का भरोसा वापस लौटा है और वे सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ रहे हैं।
- नया रिकॉर्ड: भारतीय बाजार (MCX) पर चांदी 5% की तेजी के साथ 2.61 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। वहीं सोना भी उछलकर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
ग्लोबल लीडर्स का रिएक्शन
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के इस फैसले का दुनिया ने स्वागत किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ‘ट्रुथ सोशल’ पर ईरान को इसके लिए धन्यवाद दिया है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी साफ किया है कि जब तक सभी समझौते पूरे नहीं हो जाते, अमेरिका की नजरें हालात पर बनी रहेंगी।



