शहर व राज्यशिक्षा

कानपुर: एबीवीपी ने डीएवी कॉलेज प्रशासन के खिलाफ रखी 13 सूत्रीय मांगें, जानिए कब तक दी आंदोलन की चेतावनी

रिपोर्ट – शुभम शर्मा 

कानपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की डीएवी कॉलेज इकाई ने महाविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं और छात्र समस्याओं को लेकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला है। एबीवीपी ने कॉलेज प्राचार्य को 13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि दो सप्ताह के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। इस मांग पत्र में कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था, शैक्षणिक सुधार, छात्राओं की सुविधाएं और प्रशासनिक पारदर्शिता समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं।

कॉलेज प्रशासन को सौंपा गया 13 सूत्रीय ज्ञापन

एबीवीपी इकाई के अध्यक्ष विनायक पाण्डेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सबसे पहले महाविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए। एबीवीपी ने कॉलेज में छात्रों का आई कार्ड चेकिंग अनिवार्य करने की मांग की, ताकि परिसर में अराजक तत्वों के प्रवेश को रोका जा सके।

शैक्षणिक सुधारों की रखी मांग

एबीवीपी ने शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार की कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण मांग यह थी कि कॉमर्स कक्षाओं को ऑडिटोरियम से हटाकर नियमित कक्षाओं में स्थानांतरित किया जाए, क्योंकि ऑडिटोरियम और लैब जैसी जगहों पर बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा, लाइब्रेरी में डिजिटल मूल्यांकन कार्य को तत्काल हटाने की मांग भी की गई, ताकि छात्रों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके।

शोधार्थियों की समस्याएं

शोधार्थियों के लिए एबीवीपी ने गंभीर चिंता व्यक्त की और कहा कि फेलोशिप को 6 से 8 महीनों तक रोका जा रहा है, जिससे शोध कार्य प्रभावित हो रहे हैं। एबीवीपी ने इस पर त्वरित कार्रवाई करने की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों को हटाने की बात कही। साथ ही, फेलोशिप की राशि समय पर जारी करने की भी मांग की गई।

प्रशासनिक पारदर्शिता की है आवश्यकता

प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता लाने के लिए एबीवीपी ने सुझाव दिया कि प्राचार्य छात्रों से मिलने के लिए एक निश्चित समय निर्धारित करें, और उसकी सूचना कॉलेज के बाहर स्पष्ट रूप से लगाई जाए। यह व्यवस्था छात्रों को अपनी समस्याएं सीधे प्राचार्य तक पहुंचाने का अवसर देगी।

रखा गया है छात्राओं की सुविधाओं पर ध्यान

एबीवीपी ने छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने गर्ल्स कॉमन रूम में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने और शौचालयों की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही, कॉलेज परिसर में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने, खराब वाटर कूलरों को ठीक करने और नए वाटर कूलर लगाने की भी मांग की गई। साफ-सफाई के संबंध में कक्षाओं की सीटों, पंखों और रोशनी की नियमित व्यवस्था ठीक करने की बात भी की गई।

पढ़िए अन्य मांगें

एबीवीपी ने छात्रों के वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था करने और परीक्षाओं के दौरान छात्रों के सामान रखने के लिए लॉकर रूम की सुविधा देने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त, लैब की टाइम टेबिल में छात्रों को नियमानुसार पर्याप्त समय देने की आवश्यकता जताई गई।

स्थिति रही तनावपूर्ण, पुलिस मौके पर

वर्तमान में, विद्यालय परिसर में छात्र और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। विनायक पाण्डेय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पिछले 77 वर्षों से राष्ट्रहित और छात्रहित के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन 13 मांगों पर दो सप्ताह के अंदर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो परिषद छात्रहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, और इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

पुलिस मौके पर मौजूद है और छात्र संघ के पदाधिकारियों से वार्ता कर आंदोलन को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन छात्रों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह आंदोलन और बढ़ सकता है।

सही मानी जा रही है उठाई गई मांग 

एबीवीपी की ओर से उठाए गए मुद्दे छात्रों की मूलभूत जरूरतों और शैक्षणिक सुधार से जुड़े हुए हैं, जो छात्रों के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं। अब देखना यह होगा कि कॉलेज प्रशासन इन मांगों पर कितना जल्दी और प्रभावी कदम उठाता है। यदि प्रशासन इन समस्याओं को सुलझाने में विफल रहता है, तो छात्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो सकते हैं, जो आगे कॉलेज प्रशासन के लिए चुनौती बन सकता है। 

UP Now

Upnownews.com एक स्वतंत्र न्यूज़ चैनल है, जो आपको सबसे तेज और सटीक खबरें प्रदान करता है। हमारा लक्ष्य है कि हम दुनिया भर की महत्वपूर्ण और प्रासंगिक खबरें आप तक पहुँचाएँ। राजनीति, मनोरंजन, खेल, बिज़नेस, टेक्नोलॉजी, और अन्य विषयों पर हमारी निष्पक्ष और प्रमाणिक रिपोर्टिंग हमें सबसे अलग बनाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button