पति ने निभाई इंसानियत की मिसाल, पत्नी की प्रेमी से कराई शादी, भीगी आंखों से किया विदा

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने समाज में रिश्तों और इंसानियत की एक नई मिसाल पेश की है। यहां के सुइथाकलां क्षेत्र के जंगीपुर गांव के युवक अरविंद बिंद ने अपनी पत्नी की इच्छा का सम्मान करते हुए उसे उसके प्रेमी के साथ विवाह बंधन में बांध दिया। यह विवाह स्थानीय सरायमोहिउद्दीनपुर स्थित दुर्गा मंदिर में सोमवार को संपन्न हुआ।
विवाहिता रीता और प्रेमी की जिद के आगे झुका पति
जानकारी के अनुसार, अरविंद बिंद की शादी वर्ष 2023 में जमदहा गांव की रीता से हुई थी। शादी के बाद दोनों नोएडा में रहने लगे। समय बीतने के साथ अरविंद को शक हुआ कि रीता किसी अन्य युवक से बात करती है। जब बात ज्यादा बढ़ी तो रीता मायके चली गई।

हालांकि, परिवार वालों के समझाने के बाद वह फिर से ससुराल लौटी। लेकिन तब तक रीता अपने प्रेमी के साथ रहने का फैसला कर चुकी थी। तमाम समझाइशों के बाद भी जब रीता अपनी जिद पर अड़ी रही, तो अंततः अरविंद ने उसकी खुशी में ही अपनी खुशी मान ली।
मंदिर में संपन्न हुई शादी, विदाई में छलके अरविंद के आंसू
सोमवार शाम को नोएडा से लौटकर अरविंद ने रीता और उसके प्रेमी को दुर्गा मंदिर बुलाया और सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों की शादी करवा दी। शादी के बाद अरविंद ने नम आंखों से रीता और उसके प्रेमी को विदा किया।

समाज में हो रही सराहना
इस घटनाक्रम के बाद ग्रामीणों और जानकारों में अरविंद की संवेदनशीलता और त्याग की चर्चा हो रही है। जहां कुछ लोग रीता के निर्णय की आलोचना कर रहे हैं, वहीं अरविंद की इंसानियत की सब तरफ प्रशंसा हो रही है। यह मामला इस बात का प्रमाण है कि प्रेम और सम्मान का रिश्ता केवल साथ रहने तक सीमित नहीं होता, बल्कि किसी की खुशी में खुद को समर्पित करना भी सच्चे प्रेम की पहचान है।