
रिपोर्ट – सुहैल अंसारी
कानपुर: बकरीद पर्व को लेकर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ कर दिया है।
डीसीपी एस.के. सिंह ने जानकारी दी कि शहर के प्रमुख मौलानाओं और शहर काज़ी के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी धार्मिक गतिविधियां — नमाज और कुर्बानी — निर्धारित नियमों के तहत ही संपन्न होंगी। मौलाना और काज़ी ने भी प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया है।
नियमों के उल्लंघन पर सख्ती तय
डीसीपी ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अंतर्गत ही जानवरों की कुर्बानी की अनुमति दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति या प्रतिबंधित स्थानों पर कुर्बानी करता पाया गया, तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से अवैध रूप से लाए गए जानवरों की कुर्बानी पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कानपुर पुलिस ने त्योहार के दौरान संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। इसके साथ ही ड्रोन से निगरानी और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी के लिए भी साइबर टीम सक्रिय कर दी गई है।