
लखनऊ। आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न होने देने के लिए स्पष्ट आदेश दिए हैं।
तुरंत पढ़ें निर्देश
डीजीपी ने निर्देशित किया कि, त्योहार से पहले त्योहार रजिस्टर की गहन समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी पुराने विवाद या संवेदनशील मुद्दे को पहले से चिह्नित कर निवारण किया जा सके। इसके साथ ही, उन्होंने पीस कमेटी के सदस्यों से संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि सामुदायिक सहयोग से शांति व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
यह भी किया स्पष्ट
डीजीपी राजीव कृष्ण ने यह भी स्पष्ट किया कि, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग को समन्वय बनाकर सख्ती से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर निगरानी का भी है आदेश
महत्वपूर्ण बात यह है कि, डीजीपी ने अधिकारियों से कहा है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी नजर रखें और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करें। इस पूरे निर्देश का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और कानून के दायरे में मनाना सुनिश्चित करना है।