कानपुर में मुस्लिम महिला ने मंदिर में की पूजा, वीडियो वायरल—आस्था और मानवीय भावनाओं की मिसाल

रिपोर्ट – विवेक कृष्ण दीक्षित
कानपुर: कल्याणपुर क्षेत्र स्थित अवंतीपुरम में एक मुस्लिम महिला का शिव मंदिर में पूजा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों में आश्चर्य के साथ-साथ आपसी सौहार्द और धार्मिक सहिष्णुता की सराहना भी देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला मंधना क्षेत्र की निवासी है। जब इस महिला से बात की गई तो उसने बताया कि उसका एक परिजन पास के एक नर्सिंग होम में गंभीर अवस्था में भर्ती था। वह जान बचाने की उम्मीद में भगवान शंकर से मनौती मांगने मंदिर पहुंची थी। ईश्वर की कृपा से अब उसका परिजन स्वस्थ है, इसलिए उसने मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपना संकल्प पूरा किया।

इंसानियत से ऊपर है आस्था
इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि आस्था किसी धर्म की मोहताज नहीं होती, बल्कि यह व्यक्ति की निजी भावना और विश्वास से जुड़ी होती है। महिला का यह कृत्य इंसानियत और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बन गया है, जो वर्तमान समय में समाज के लिए एक प्रेरक संदेश है।
स्थानीय लोगों ने दिखाई सकारात्मकता
इस घटना पर स्थानीय लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। किसी ने इसे ‘धार्मिक एकता की मिसाल’ कहा तो किसी ने ‘मानवता की सबसे बड़ी पूजा’ बताया। सोशल मीडिया पर भी लोग इस वीडियो को साझा करते हुए शांति और आपसी समझ की भावना को बढ़ावा देने की बात कह रहे हैं।

वायरल वीडियो से उपजी चर्चा
हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद कई प्रकार की प्रतिक्रियाएं आईं, लेकिन अधिकांश लोग इस महिला की भावना और आस्था की प्रशंसा करते दिखे। यह स्पष्ट है कि जब इंसान कठिनाई में होता है, तब वह हर दरवाजे पर उम्मीद लेकर जाता है और यह उसका निजी अधिकार भी है।